Editor : TASIM AHAMAD
ग्वालियर, संवाददाता !
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेहट (विकासखंड घाटीगांव) के प्राचार्य रमेश बाबू शर्मा (आर.बी. शर्मा) का 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्ति के उपरांत विद्यालय परिवार द्वारा शनिवार और सोमवार को एक भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन केवल एक सरकारी सेवा के पूर्ण होने का नहीं, बल्कि शिक्षा, समर्पण, संवेदनशील नेतृत्व और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक प्रेरणादायी जीवन यात्रा का उत्सव था।
आर.बी. शर्मा ने अपने सेवाकाल के दौरान विद्यालय को केवल पठन-पाठन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसके सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में विद्यालय में मानवीय एवं भौतिक संसाधनों का अभूतपूर्व विकास हुआ। और इतना ही नहीं इन्होंने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और धरती को संवारने के उनके प्रयासों ने विद्यालय परिसर को एक नई पहचान दी। उनकी कार्यशैली ने साबित कर दिया कि सकारात्मक सोच और प्रशासनिक कुशलता से किसी भी संस्थान की तस्वीर बदली जा सकती है।
इस गरिमामयी समारोह में 'सामाजिक दर्पण सोशल मिरर फाउंडेशन' की ओर से आर.बी. शर्मा को उनके अतुलनीय प्रकृति प्रेम, वृक्ष संरक्षण और हरित पर्यावरण के संवर्धन हेतु 'प्रकृति रत्न अलंकरण' से सम्मानित किया गया। फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रत्नेश्वर सिंह, राष्ट्रीय सचिव धर्मेंद्र सिंह तोमर, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजावत, सह-सचिव श्रीमती कुसमा देवी सहित संस्था के सभी सदस्यों ने उनके योगदान को नमन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह में विकासखंड शिक्षा अधिकारी सीताराम डंडौतिया, ग्राम पंचायत रेहट के सरपंच मोनू उपाध्याय, पुलिस प्रशासन के अधिकारी, शिक्षकगण, संकुल के शिक्षक, ग्रामवासी और बड़ी संख्या में वर्तमान एवं पूर्व विद्यार्थी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने शर्मा के साथ बिताए संस्मरण साझा करते हुए उनके मिलनसार स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
"पद और दायित्व से सेवानिवृत्ति संभव है, किंतु एक सच्चे शिक्षक और मार्गदर्शक का योगदान कभी सेवानिवृत्त नहीं होता।" आर.बी. शर्मा द्वारा स्थापित आदर्श और कार्यसंस्कृति आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।







0 comments:
Post a Comment