Editor : TASIM AHAMAD
नई दिल्ली। महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उज्ज्वल मंथन भारत सेवा फाउंडेशन द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को नेब सराय साकेत मे मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत 40 महिलाओं को आवश्यक सामग्री से युक्त स्वच्छता किट वितरित की गई।
प्रत्येक किट में महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सैनिटरी पैड, हैंडवॉश, तौलिया, साबुन और खजूर सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री रखी गई थी। इन सभी वस्तुओं को एक बैग में व्यवस्थित करके महिलाओं को प्रदान किया गया, ताकि उन्हें एक साथ जरूरी सामग्री उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को मासिक धर्म के समय साफ-सफाई रखने, सैनिटरी पैड का सही उपयोग करने, समय-समय पर पैड बदलने, संक्रमण से बचाव और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही यह संदेश दिया गया कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, इस विषय पर शर्म या झिझक के बजाय खुलकर बात करना और सही जानकारी प्राप्त करना जरूरी है।
इस अवसर पर फाउंडेशन की संस्थापिका सोनिया शर्मा ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार और समाज के स्वस्थ भविष्य की नींव है। जरूरतमंद महिलाओं तक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी आवश्यक सामग्री पहुंचाना और उन्हें जागरूक करना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि समाज में मासिक धर्म से जुड़ी गलत धारणाओं और संकोच को दूर करने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए।
उज्ज्वल मंथन भारत सेवा फाउंडेशन शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, जरूरतमंद बच्चों की सहायता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था का संकल्प है कि समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सहायता और जागरूकता पहुंचाकर एक स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त समाज का निर्माण किया जाए।

0 comments:
Post a Comment