पाली/ कोट बालियान : कालू लाल गर्ग
आज से लगभग एक सौ पचहत्तर वर्ष पूर्व, रियासत काल में राजस्थान के पाली मे कोट बालियान' नाम का एक गाँव था। समय के साथ-साथ इसमें कई बदलाव होते गए और आज यह एक सशक्त गाँव के रूप में भारतीय इतिहास में अपना परचम लहरा रहा है।
गाँव के बुजुर्गों, विशेषज्ञों तथा जानकारों के अनुसार, समय के चक्र के साथ कोट गाँव में पुरानी बस्तियाँ उजड़ती गईं और नई बस्तियाँ बसती गईं। कई परिवार एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित होते गए। यह कहानी भी उसी दौर की है। जहाँ कभी मेघवाल समाज की बस्ती हुआ करती थी, वहाँ वर्तमान में जैन समुदाय निवास कर रहा है।
जानकारों के अनुसार, मेघवालों की उस बस्ती में गला जी पन्ना जी मेघवाल निवास करते थे। समय की परिस्थितियों के कारण उनका मकान जैन समुदाय के हिम्मतमल रूपचंद जैन ने खरीद लिया। उस समय तक किसी को भी वहाँ माँ महाकाली के विराजमान होने की कोई जानकारी नहीं थी।
जब हिम्मतमल रूपचंद जैन ने नए मकान के निर्माण हेतु नींव की खुदाई शुरू करवाई, तब अचानक जमीन में गड़ी हुई एक मूर्ति दिखाई दी। हिम्मतमल जी ने मजदूरों को वह मूर्ति बाहर निकालने का निर्देश दिया, लेकिन एक चमत्कार हुआ—जैसे-जैसे मजदूर खुदाई करते गए, मूर्ति अपने आप जमीन के अंदर धँसती चली गई और अपने स्थान से टस से मस नहीं हुई। खुदाई के समय जब मूर्ति पहली बार नजर आई थी, तब उसकी अनुमानित लंबाई साढ़े पाँच फीट थी, लेकिन बाहर निकालने के प्रयास में नीचे धँसते जाने के कारण वर्तमान में इसकी लंबाई करीब डेढ़ फीट ही रह गई है।
नींव में मूर्ति प्रकट होने से लोग अचंभित रह गए और गाँव के जानकारों को बुलाया गया। विचार-विमर्श के बाद यह अनुमान लगाया गया कि वर्षों पूर्व किसी प्राकृतिक उथल-पुथल के कारण यहाँ स्थित माँ महाकाली का प्राचीन मंदिर जमीन में दब गया होगा। इसके पश्चात सभी ने मिलकर यह निश्चय किया कि घर के बाहर एक चबूतरे पर छोटा-सा मंदिर बनवाकर माँ काली की विधिवत पूजा-अर्चना शुरू की जाए। वर्तमान समय में भी इसी स्थान पर माताजी की पूजा-अर्चना की जा रही है।
समय बीतता गया और धीरे-धीरे मेघवालों की पूरी बस्ती की जमीन जैन समुदाय के लोगों ने खरीद ली। आज उस स्थान पर जैन समुदाय की बड़ी-बड़ी हवेलियाँ नजर आती हैं।
कुछ समय पश्चात, डायाराम गला जी मेघवाल को माँ महाकाली ने स्वप्न में दर्शन दिए और उन्हें अपनी पूजा-अर्चना करने की आज्ञा दी। इसके बाद माताजी की सेवा-पूजा का भार डायाराम जी ने संभाल लिया। उस दौर में जावंतराज जैन की ओर से माताजी की अखंड ज्योत व पूजा के लिए छह रुपये मासिक के हिसाब से घी का प्रबंध अचलचंद लालचंद जैन की दुकान से किया गया।
कुछ दिनों बाद, अचलचंद जी ने माताजी के चरणों में प्रार्थना की कि उनके छह बेटियाँ हैं, लेकिन वंश को आगे बढ़ाने के लिए एक पुत्र की कामना है; यदि माताजी उन्हें संतान सुख प्रदान करें तो उनका जीवन सफल हो जाए। तब माताजी ने उन्हें आशीर्वाद दिया और स्वप्न में संकेत दिया कि तुम्हारे घर की दीवार में 'काला-गोरा भैरूजी' की मूर्तियाँ छिपी हुई हैं, उन्हें बाहर निकालकर पूजा-अर्चना करो, तुम्हारी मनोकामना अवश्य पूर्ण होगी।
अचलचंद जी ने दीवार की खुदाई कर दोनों मूर्तियों को बाहर निकाला और एक छोटे-से मंदिर का निर्माण कर उनकी पूजा शुरू की। माताजी की कृपा से उन्हें दो वर्षों के भीतर ही दो पुत्र रत्नों की प्राप्ति हुई। पुजारी डायाराम जी के देवलोक गमन के पश्चात, जैन समुदाय की सुशीला बाई ने माँ महाकाली की पूजा-अर्चना की जिम्मेदारी संभाली, जो आज भी निरंतर जारी है।




0 comments:
Post a Comment